भाजपा संगठन के आधार स्तंभों का घर-घर जाकर सम्मान, धीरज पटेरिया ने किया अभिनंदन

 


शेख अफरोज सिराली
। गुरुवार को “अटल कार्यकर्ता सम्मान यात्रा” के अंतर्गत हरदा जिले के सिराली मंडल में संगठन के समर्पित और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का घर-घर जाकर सम्मान किया गया। यात्रा के प्रवासी संयोजक एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धीरज पटेरिया ने ग्राम खुदिया और सिराली पहुंचकर जनसंघ के कठिन दौर से लेकर वर्तमान तक पार्टी के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।
इस दौरान श्री राधेश्याम चौहान (ग्राम खुदिया), श्री भगीरथ मालवीय (सिराली) तथा श्री चंद्रकांत अग्रवाल के निवास पर पहुंचकर उन्हें शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के अवसर पर धीरज पटेरिया ने कहा कि संगठन की आज की मजबूती और व्यापक विस्तार इन तपस्वी कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण और अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जब संगठन कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था, तब इन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने बिना किसी पद और प्रतिष्ठा की अपेक्षा के केवल राष्ट्र और विचारधारा के लिए कार्य किया।

पटेरिया ने कहा कि राधेश्याम चौहान, भगीरथ मालवीय और चंद्रकांत अग्रवाल जैसे कार्यकर्ताओं के मौन त्याग और संघर्ष की मजबूत नींव पर ही आज भारतीय जनता पार्टी एक विशाल वटवृक्ष के रूप में खड़ी है। उनका आजीवन समर्पण नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि “अटल कार्यकर्ता सम्मान यात्रा” का उद्देश्य उन कर्मठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करना है, जिन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिला महामंत्री उदय सिंह चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष एडवोकेट अनिल राजपूत, पूर्व युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धर्मेंद्र सिंदा, पूर्व मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा, बूथ अध्यक्ष कन्हैयालाल मालवीय सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता डॉ. जयवंत संगोले, पदम पटेल, गोपाल सोनी, जगदीश मालवीय, सोनू पटेल, मन्नालाल कुशवाह, भाजपा कार्यालय मंत्री बबलू घावरी, अमरदास पटेल, यशवंत घट्टया, राजा अग्रवाल, राजू माहेश्वरी, संजय राठौर, असलम मंसूरी सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए संगठन की मजबूती और एकजुटता पर बल दिया। अंत में सभी ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया। “अटल कार्यकर्ता सम्मान यात्रा” के माध्यम से संगठन के आधार स्तंभों को सम्मानित करने की यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी