मध्यप्रदेश शासन, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग मंत्रालय भोपाल के पत्र क्रमांक ईटी.17/कृ.वर्ष/2025-26/1203 दिनांक 08 जनवरी 2026 के माध्यम से प्रदेश में वर्ष 2026 को “कृषि वर्ष” के रूप में मनाने के निर्देश जारी किए गए थे। इसी क्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, शासकीय योजनाओं एवं वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करने हेतु “कृषि रथ” संचालन का निर्णय लिया गया।
कलेक्टर महोदय के मार्गदर्शन एवं कृषि विभाग के समन्वय से विकासखंड हरदा की प्रत्येक ग्राम पंचायत में दिनांक 11 जनवरी 2026 से 11 फरवरी 2026 तक कृषि रथ का सफल संचालन किया गया। इस अभियान के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र कोलीपुरा-हरदा के वैज्ञानिकों, कृषि विभाग एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा गांव-गांव जाकर किसानों से सीधा संवाद स्थापित किया गया।
कृषि रथ के माध्यम से किसानों को ई-विकास प्रणाली के जरिए उर्वरकों की खरीद प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया, जिससे पारदर्शिता बढ़े और समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही नरवाई प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया, ताकि खेतों में आग लगाने की प्रवृत्ति पर रोक लगे और भूमि की उर्वरता बनी रहे। ग्रीष्मकालीन मूंग की जगह उड़द, मूंगफली, तिल जैसी वैकल्पिक फसलों को अपनाने हेतु किसानों को प्रोत्साहित किया गया, जिससे फसल विविधता बढ़े और आय के नए स्रोत विकसित हों।
अभियान के दौरान प्राकृतिक एवं जैविक खेती के लाभों की जानकारी दी गई और रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर जोर दिया गया। मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर उर्वरकों की मात्रा तय करने तथा फसल के अनुसार सूक्ष्म पोषक तत्वों के प्रयोग के महत्व को विस्तार से समझाया गया। इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर किसानों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
आज दिनांक 11 फरवरी 2026 को विकासखंड हरदा की ग्राम पंचायत पिड़गांव, अबगांव खुर्द एवं डगावानीमा में कृषि रथ का संचालन किया गया तथा ग्राम पंचायत डगावानीमा में इस अभियान का औपचारिक समापन हुआ। इस अवसर पर ग्राम पंचायत डगावानीमा की माननीय सरपंच श्रीमती जयश्री राजपूत, कृषि वैज्ञानिक डॉ. मुकेश कुमार बंकोलिया, अनुविभागीय कृषि अधिकारी सुश्री रचना पटेल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री अतुल यादव, कृषि विकास अधिकारी श्री गणेश रजने, श्री ललित पटेल सहित बड़ी संख्या में कृषक भाई उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि कृषि विभाग हर कदम पर उनके साथ खड़ा है। किसानों ने भी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सीधी जानकारी से उन्हें खेती में सुधार करने में काफी मदद मिली है।
कृषि रथ अभियान ने गांव-गांव तक पहुंचकर जागरूकता का मजबूत संदेश दिया है और उम्मीद है कि इसके सकारात्मक परिणाम आने वाले मौसम में फसल उत्पादन और किसानों की आय में स्पष्ट रूप से देखने को मिलेंगे।


