दीपगांव कला बस स्टैंड चौराहा बना हादसों का केंद्र

स्कूली छात्राएं, आंगनबाड़ी बच्चे और गर्भवती महिलाएं रोज जोखिम में पार कर रहीं सिराली–चारुवा मुख्य मार्ग


शेख अफरोज,सिराली (हरदा)। दीपगांव कला बस स्टैंड चौराहा इन दिनों दुर्घटनाओं का संवेदनशील केंद्र बनता जा रहा है। यहां से गुजरने वाले सिराली–चारुवा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का लगातार आवागमन रहता है। इसी मार्ग को प्रतिदिन पार कर स्कूली छात्राएं, आंगनबाड़ी के छोटे बच्चे और गर्भवती महिलाएं स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंचती हैं।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, चौराहे पर न तो स्पीड ब्रेकर है और न ही ज़ेब्रा क्रॉसिंग या चेतावनी संकेत बोर्ड। ऐसे में छोटे-छोटे बच्चों और महिलाओं को सड़क पार करने में भारी जोखिम उठाना पड़ता है। आए दिन यहां छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं और हादसे देखने को मिल रहे हैं, जिससे अभिभावकों में भय और आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सुबह और दोपहर के समय स्कूल लगने और छुट्टी के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब एक साथ कई बच्चे सड़क पार करते हैं।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि चौराहे पर तत्काल स्पीड ब्रेकर, ज़ेब्रा क्रॉसिंग, चेतावनी बोर्ड एवं आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।