ग्राम पटाल्दा में राज्य स्तरीय मिलेट मिशन योजना अंतर्गत कृषि जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 1000 से अधिक किसान हुए शामिल

शेख अफरोज खिरकिया /विकासखंड के ग्राम पटाल्दा में राज्य स्तरीय मिलेट मिशन योजना के अंतर्गत एक भव्य कृषि जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जैविक, प्राकृतिक एवं अन्य कृषि उत्पादों के स्टॉल लगाए गए, जहां किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, जैविक खेती के लाभ तथा मोटे अनाज की खेती के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। लगभग 1000 के आसपास कृषकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल और प्रभावी बनाया।


कार्यक्रम का आयोजन जिला कलेक्टर कार्यालय के आदेशानुसार किया गया। जिला कलेक्टर कार्यालय हरदा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों को विशेष रूप से राज्य स्तरीय मिलेट मिशन योजना के तहत कोदा, कुटकी, रागी, सांवा तथा अन्य मोटे अनाजों की खेती के लिए प्रेरित किया गया। कृषि विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि मोटे अनाज कम पानी में भी बेहतर उत्पादन देते हैं तथा पोषण की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी होते हैं। बदलते जलवायु परिदृश्य में यह फसलें किसानों के लिए आर्थिक रूप से भी लाभदायक सिद्ध हो सकती हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, जनप्रतिनिधि दर्शन सिंह गहलोत, जनपद अध्यक्ष रानु पटेल, विधायक प्रतिनिधि नागु पटेल, दसरथ पटेल एवं शिवागी बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही खिरकिया के अनुविभागीय अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।


कार्यक्रम के दौरान किसानों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कई किसानों ने मिलेट फसलों को अपनाने में रुचि दिखाई और योजना के अंतर्गत पंजीयन भी कराया। अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा मिलेट फसलों को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता तथा अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

ग्राम पटाल्दा में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल किसानों के लिए ज्ञानवर्धक साबित हुआ, बल्कि क्षेत्र में पोषणयुक्त मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी सिद्ध हुआ। प्रशासन का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक किसान मिलेट मिशन से जुड़ें और आत्मनिर्भर कृषि की ओर कदम बढ़ाएं।

जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के आदेश पर आयोजित इस कार्यक्रम में उपसंचालक कृषि जवाहर कसदे, सहायक संचालक कृषि विकास पटेल के मार्गदर्शन तथा विकासखंड कृषि अधिकारी टी.आर. चौहान के सहयोग से संपूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। डा. मुकेश कुमार कृषि वैज्ञानिक कृषि वि.केंन्द्र हरदा किसानो को मिलेट फसलों के बीज चयन, उन्नत उत्पादन तकनीक, कीट प्रबंधन एवं विपणन व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी।