खिरकिया में नगर स्तरीय आनंद उत्सव का भव्य आयोजन, दिव्यांग विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

 


शेख अफरोज खिरकिया। कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं नोडल अधिकारी आनंद उत्सव खिरकिया, एसडीएम सुश्री शिवांगी बघेल के निर्देशानुसार नगर स्तरीय आनंद उत्सव का आयोजन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया गया। आनंद उत्सव का आयोजन पीएमश्री एकीकृत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खिरकिया के खेल मैदान में उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

आनंद उत्सव के अंतर्गत दिनांक 17 जनवरी 2026 को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें 50 मीटर दौड़, कुर्सी दौड़, मेहंदी, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता शामिल रहीं। इन प्रतियोगिताओं में नगर के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की तथा अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहभागिता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य श्रीमती रचना राय, बीआरसी रमेश पटेल, विकासखंड स्तरीय आनंद उत्सव नोडल अधिकारी सुनील सोंधिया, सहायक नोडल अधिकारी जगदीश टेमले, उच्च माध्यमिक शिक्षक नितिन राठौर, विकासखंड एकेडमिक समन्वयक जयनारायण कलम, प्रभारी श्रीमती माहेश्वरी राठौर सहित अनेक अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। इसके साथ ही नगर परिषद खिरकिया से श्रीमती कमलेश पाराशर एवं श्रीमती शकुन चौरे, सह प्रभारी आनंद कालकर तथा जनशिक्षक खिरकिया देवेश शुक्ला, बसंत शर्मा, मधुलिका ठाकुर, संतोषी विश्वकर्मा एवं वंदना मिश्रा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

आयोजकों द्वारा जानकारी दी गई कि आनंद उत्सव के अंतर्गत आगामी दिनांक 19 जनवरी 2026 को 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, खो-खो एवं कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं, महाविद्यालयीन विद्यार्थियों तथा आमजन के सभी आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष भाग ले सकेंगे।

आनंद उत्सव के माध्यम से खेल, कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए समाज में आनंद, सहभागिता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक किया गया।